कन्नौज में छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों को मिलेगा दोबारा मौका, जल्द खुलेगा पोर्टल
• मंत्री असीम अरुण के निर्देशन में लिया गया निर्णय, सभी को मिलेगी छात्रवृत्ति
कन्नौज। शैक्षिक सत्र 2025-26 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से किसी कारणवश वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। समाज कल्याण विभाग जल्द ही पोर्टल दोबारा खोलेगा, जिससे छूटे हुए पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिल सकेगा। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य छात्र को तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। पोर्टल दोबारा खोलकर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से धनराशि सीधे छात्रों के खातों में भेजी जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। उपनिदेशक समाज कल्याण आनंद कुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी कारणों से नेशनल इंफॉर्मेटिक सेंटर (एनआईसी) को मास्टर फीस डेटा उपलब्ध नहीं हो सका था, जिससे कई छात्रों की प्रक्रिया अधूरी रह गई। अब इस समस्या का समाधान किया जा रहा है और जल्द ही पोर्टल पुनः संचालित होगा। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 53,041 छात्रों को कुल 81.12 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी। इसमें अनुसूचित जाति के 25,395 छात्रों को 30.65 करोड़ रुपये और सामान्य वर्ग के 27,646 छात्रों को 50.47 करोड़ रुपये की सहायता दी गई थी।
विभाग का कहना है कि इस बार सभी पात्र छात्रों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।


