जनजागरण रैली, संत आगमन और श्रीमद्भागवत कथा की भव्य रूपरेखा घोषित
पब्लिक न्यूज़ अड्डा से सुमित मिश्रा कन्नौज
कन्नौज। आनंदेश्वर धाम आश्रम में सनातन धर्म सेवा फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। फाउंडेशन निदेशक प्रभात त्रिपाठी ने बताया कि 16 मार्च को जनजागरण हेतु विशाल रैली का आयोजन महाराज कौशल जी महाराज के सानिध्य में किया जाएगा, जिसका उद्देश्य समाज में धर्म, सेवा एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।पीठाधीश्वर महाराज कौशल जी महाराज ने बताया कि रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजूदास महंतगिरी जी द्वारा ध्वज पूजन के पश्चात किया जाएगा। यह जनजागरण रैली कार्यक्रम स्थल मानीमऊ ऋषिनगर से प्रारंभ होकर ठठिया, तिर्वा, इंदरगढ़, नादेमऊ, सौरिख, छिबरामऊ और गुरसहायगंज होते हुए पुनः मानीमऊ में सम्पन्न होगी।उन्होंने आगे बताया कि 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक गुजरात से पधार रहे कंबल वाले बाबा का सात दिवसीय प्रवास रहेगा। इस दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें असमर्थ एवं जरूरतमंद लोगों का उपचार पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा। यह शिविर जनहित को समर्पित रहेगा।इसी क्रम में त्रिकालदर्शी संत पण्डोखर सरकार का तीन दिवसीय दिव्य दरबार भी आयोजित होगा, जहां श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त होगा। साथ ही 22 अप्रैल से प्रारंभ होकर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन भी सुनिश्चित किया गया है।प्रेस वार्ता में यह भी अवगत कराया गया कि आगामी 27 अप्रैल को आनंद जनजागरण विशाल महासभा का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय एवं बाहरी श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता अपेक्षित है। आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म एवं समाजसेवा के इस महाअभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।



