26 फरवरी को जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन
• माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग
कन्नौज। युवाओं को लोकतांत्रिक संवाद से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 26 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद–2026’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा पीएसएम कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी द्वारा पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने युवाओं से बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय सिंह ने बताया कि इस आयोजन के लिए पूर्व में महाविद्यालय एवं मंत्रालय के मध्य एमओयू संपादित किया गया था। उसी के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन कराया जा रहा है। कार्यक्रम के संचालन हेतु जिला समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला युवा अधिकारी माय भारत, जिला समन्वयक एनएसएस (स्कूल शिक्षा) तथा महाविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों की एक समिति गठित की गई है। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. रमेश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतिभागी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को अधिकतम तीन मिनट का समय दिया जाएगा। मूल्यांकन विषय की समझ, तार्किक विश्लेषण, संवैधानिक मूल्यों की जानकारी एवं प्रभावी अभिव्यक्ति के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा संसद में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। वहीं, राज्य स्तर से चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार रख सकेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की आवाज को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक प्रभावी मंच प्रदान करना है। जिला युवा अधिकारी माय भारत सागर माहेश्वरी ने जनपद के सभी महाविद्यालयों के छात्र- छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


