सफाईकर्मी द्वारा दवा वितरण के मामले में सीएमओ ने कराई जांच
• जांच करने पहुँचे एसीएमओ प्रथम दृष्टया दिशा- निर्देशों का अभाव आया सामने
• सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुगरापुर अधीक्षक से मांगा स्पष्टीकरण
कन्नौज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुगरापुर क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कीरतपुर में “सफाई कर्मी द्वारा दवा वितरित करने व लैब टेक्नीशियन डॉक्टर की भूमिका निभाने का प्रकरण प्रकाश में आने बाद मुख्य चिकित्साधिकारी स्वदेश गुप्ता ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच कराई। जांच की जिम्मेदारी डॉ. के.पी. त्रिपाठी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपी गई। इसीक्रम में डॉ. त्रिपाठी ने विकास खंड गुगरापुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कीरतपुर का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। जांच में पाया गया कि 21 फरवरी 2026 को संबंधित चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरोज कुमार प्रतिकर अवकाश पर थे। उक्त तिथि को स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट एवं कक्ष सेवक अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के समय केवल वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन एवं स्वीपर कम चौकीदार ही उपस्थित मिले। उपस्थित कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि उनके द्वारा किसी भी मरीज का उपचार नहीं किया गया। जांच समिति ने स्थानीय लाभार्थियों से वार्ता की तथा अभिलेखों का परीक्षण किया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि डॉ. सरोज कुमार द्वारा नियमित रूप से मरीजों का उपचार किया जाता है। प्रथम दृष्टया यह प्रकरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गुगरापुर स्तर पर स्पष्ट दिशा- निर्देशों के अभाव में उत्पन्न होना प्रतीत हुआ है। इस संबंध में अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुगरापुर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


