बढ़ते साइबर अपराधों पर सतर्कता ही बचाव का प्रभावी उपाय
• एनएसएस के तहत आयोजित सात दिवसीय शिविर में स्वयंसेवकों को बताए साइबर अपराध से बचाव के उपाय
जलालाबाद, कन्नौज। गुगरापुर क्षेत्र के अविका डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) राष्ट्रीय सेवा योजना स्वामी विवेकानंद इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम दिवस का शुभारंभ राष्ट्रगान, एनएसएस लक्ष्य गीत व शपथ के साथ हुआ। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी यादव के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। मुख्य विषय “साइबर एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव: डिजिटल सुरक्षा जागरूकता” रहा। मुख्य अतिथि डॉ. उमेश यादव (उप-प्रधानाचार्य, मां शीतला देवी इंटर कॉलेज) ने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए सतर्कता को ही बचाव का प्रभावी उपाय बताया। प्राचार्य डॉ. हरिओम प्रजापति ने ओटीपी, बैंक विवरण व निजी जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने ग्राम पंचायत चांदापुर में जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। सायंकालीन सत्र में मनोरंजक गतिविधियों के साथ सामूहिक भोजन कर टीम भावना को मजबूत किया गया। कार्यक्रम में कुलानुशासक दिलदार सिंह सहित समस्त स्टाफ व स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।


