अवैध बायोडीजल पंप पर छापा, पेट्रोल-डीजल बिक्री करते युवक पर मुकदमा
• जिला पूर्ति अधिकारी की जिलेवासियों से अपील बिना लाइसेंस संचालित पंपों से न खरीदें ईंधन
कन्नौज। उमर्दा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम औसेर में संचालित एक अवैध बायोडीजल पंप पर बुधवार को प्रशासन ने छापेमारी की। कार्रवाई उपजिलाधिकारी तिर्वा, क्षेत्राधिकारी तिर्वा और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने की। मौके पर नादेमऊ, हसेरन निवासी राहुल पुत्र रघुवीर सिंह मौजूद मिला। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित पंप बिना सक्षम अधिकारी से लाइसेंस प्राप्त किए अवैध रूप से पेट्रोल व डीजल की बिक्री कर रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वयं अवैध बिक्री की बात स्वीकार की। जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक तिर्वा ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत थाना ठठिया में मुकदमा दर्ज कराया है। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि इसी सप्ताह जनपद में दो अन्य अवैध पंप संचालकों के विरुद्ध भी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। टीम द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे अवैध पंपों से मिलावटी ईंधन की बिक्री की संभावना रहती है, जिससे वाहनों में खराबी आ सकती है। जनपदवासियों से अपील की गई है कि बिना लाइसेंस संचालित पंपों से ईंधन न खरीदें। यदि किसी स्थान पर ऑयल कंपनी का नाम प्रदर्शित किए बिना पंप संचालित हो रहा हो तो इसकी सूचना संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी अथवा जिला पूर्ति अधिकारी को दें, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इसके अलावा लालपुर (सकरावा), भाउलपुर, राजपुर, इंद्रानगर गुरसहायगंज, परौर, ईजलपुर और सिकंदरपुर में संचालित पंपों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध ईंधन कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

