लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक का मतदान आवश्यक: एडीएम

• महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता अभियान में मतदान के लिए किया प्रेरित

कन्नौज। जिला प्रशासन एवं राजकीय महिला महाविद्यालय बांगर कन्नौज के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन अपर जिला अधिकारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य नए एवं युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा का ऑनलाइन फॉर्म- 6 भरवाया गया तथा सभी छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान छात्राओं ने मतदान व पंजीकरण से जुड़े प्रश्न भी पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तार से उत्तर दिया गया। इससे पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं अपर जिला अधिकारी देवेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान आवश्यक है, क्योंकि हर एक वोट जरूरी है। महाविद्यालय की प्राचार्य रीतू सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर शैलेन्द्र कुमार ने किया। उन्होंने स्लोगन और प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *