एक साल में बिना हेलमेट देश में 30 हजार लोगों ने गंवाई जान

• यातायात पुलिस ने छात्र- छात्राओं को दी नियमों की जानकारी, आमजन से की नियमों का पालन करने की अपील

कन्नौज। नगर के माया देवी इंटर कॉलेज में यातायात पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रभारी यातायात रवि शंकर त्रिपाठी एवं उपनिरीक्षक (टीएसआई) आफाक खान ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रभारी यातायात रवि शंकर त्रिपाठी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर हमेशा सतर्कता के साथ चलना चाहिए। साइकिल चलाते समय दाएं या बाएं मुड़ने से पहले पीछे देखकर हाथ का संकेत अवश्य देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों की सहायता करना हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि कोई व्यक्ति घायल की मदद करता है तो उसे राज्य सरकार द्वारा ‘राहगीर पुरस्कार’ के तहत ₹25,000 का पुरस्कार दिया जाता है। टीएसआई आफाक खान ने विद्यार्थियों को सड़क पर पैदल चलने के नियमों, सड़क पार करने की सही विधि, मोबाइल पर बात करते हुए या शराब के सेवन के बाद वाहन चलाने के खतरों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में बिना हेलमेट के चलते देशभर में करीब 30,000 लोगों ने अपनी जान गंवाई, जिनकी उम्र 18 से 34 वर्ष के बीच थी। सभी ने दुर्घटना के समय हेलमेट नहीं पहना था। उन्होंने ‘गोल्डन ऑवर’ की अवधारणा समझाते हुए बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद का एक घंटा अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसमें घायल को सही समय पर उपचार मिलने पर उसकी जान बचाई जा सकती है। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और यातायात पुलिस अधिकारियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना। बच्चों ने टीएसआई आफाक खान से प्रेरित होकर यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *