वृ़द्धाश्रम पहुंचे डीएम, वृद्धजनों संग मनाई दीपावली, बांटी मिठाई
• पुलिस लाइन रोड स्थित वृ़द्धजन आश्रम में किया निरीक्षण, दिए निर्देश

कन्नौज। दीपावली के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने शहर में पुलिस लाइन रोड स्थित वृ़द्धजन आश्रम पहुंचकर वृद्धजनों संग दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को मिठाइयां वितरित कीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने वृद्धजनों से बार्ता कर उनके स्वास्थ्य, भोजन और रहन- सहन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धजनों की समय-समय पर चिकित्सीय जांच अवश्य कराई जाए, ताकि कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या न हो। उन्होंने यह भी कहा कि भोजन की गुणवत्ता व आश्रम परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। डीएम ने कहा कि वृद्धजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन वृद्धजनों के कल्याण के लिए हर सम्भव मदद के लिए तत्पर है। इस दौरान आश्रम के कर्मचारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।