जन्माष्टमी पर गौशालाओं में दिखा आस्था और सेवा का अनूठा संगम
• डीएम ने गोवंश को चुनरी ओढ़ाकर किया पूजन, लड्डू- गुड़ खिलाकर सेवा कार्मिकों को किया सम्मानित
कन्नौज। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर स्थित कान्हा गौशाला और कन्नौज की सहजापुर गौशाला पहुंचकर गोवंश का विधिवत पूजन-अर्चन किया। उन्होंने गोवंश को चुनरी ओढ़ाकर तिलक व माल्यार्पण किया और गुड़, लड्डू व चना खिलाया। इस दौरान गौशालाओं में भजन- कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया। कान्हा गौशाला सिकंदरपुर में डीएम ने चारा, पानी, स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप हरा चारा और भूसा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गौशाला में 158 नंदी और 132 गायों समेत कुल 290 गोवंश संरक्षित हैं। डीएम ने बीमार गोवंश को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने, नियमित चिकित्सकीय परीक्षण और समय से उपचार कराने के निर्देश दिए। सहजापुर गौशाला में डीएम ने हरे चारे की गुणवत्ता जांची और सेवा कार्मिकों को माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा एवं संरक्षण पुण्य तथा मानवीय संवेदना से जुड़ा कार्य है। भजन मंडली के सदस्यों को 500-500 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी। इस दौरान डीसी मनरेगा दिनेश यादव, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, सचिव, पशु चिकित्सक समेत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


