गौशाला पहुँचे डीपीआरओ गोवंशो का पूजन कर, गुड़- चना खिलाया
• जन्माष्टमी पर अनौगी गौशाला का निरीक्षण कर डीपीआरओ ने व्यवस्थाओं को परखा
जलालाबाद, कन्नौज। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को ब्लॉक क्षेत्र के अनौगी स्थित गौशाला में जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोवंशों का पूजन कर उन्हें गुड़- चना खिलाया और गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीपीआरओ ने गौशाला में गोवंशों के लिए उपलब्ध भूसा, हरा चारा, पानी समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। गौशाला में कुल 172 गोवंश पाए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और केयरटेकर को निर्देश दिए कि गोवंशों को प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता गोवंशों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पंचायत सहायक धीरेंद्र कुमार को क्षेत्रीय पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान एवं क्षेत्र में लगाए गए 200 पौधों की देखरेख के निर्देश दिए गए। उन्होंने लगाए गए पौधों का सत्यापन कर कितने पौधे जीवित हैं और कितने सूख चुके हैं, इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। इस दौरान सचिव प्रमोद यादव, ग्राम प्रधान सूरजभान, पशु चिकित्साधिकारी सीपी सिंह, बलवीर सहित आदि लोग मौजूद रहे।


