आंधी- बारिश से गिरी कच्ची कोठरी, भैंस की मौत, पीड़ित को ₹37,500 की राहत मंजूर
बीते दिनों हरदेवपुरवा गांव में गिरी थी कोठरी, एसडीएम ने मौके पर पहुँचकर किया था निरीक्षण
कन्नौज। बीती 4 अप्रैल की रात आई तेज आंधी और बारिश ने एक पशुपालक पर कहर बरपा दिया। जलालाबाद ब्लॉक के हरदेवपुरवा गांव निवासी राम प्रकाश की कच्ची कोठरी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मलबे में दबकर उनकी दुधारू भैंस की मौत हो गई। उप जिलाधिकारी सदर व तहसीलदार सदर की संयुक्त आख्या में इस घटना को दैवीय आपदा की श्रेणी में माना गया है। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित पशुपालक को राहत देने की संस्तुति की गई। प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित को ₹37,500 की अनुग्रह सहायता स्वीकृत की है। हालांकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि (SDRF) के अंतर्गत जनपद को अभी तक धनराशि आवंटित नहीं हुई है, इसके बावजूद राहत में देरी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कोषागार नियम-27 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए कोषाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि प्रस्तुत बिलों के आधार पर स्वीकृत धनराशि का भुगतान तत्काल सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि शासन से धनराशि प्राप्त होने पर इसका समायोजन कर लिया जाएगा। कलेक्ट्रेट स्थित प्रभारी अधिकारी (बिल्स) को भी आवश्यक कार्रवाई तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पीड़ित को शीघ्र राहत मिल सके।

