जलालाबाद में स्कूल चलो अभियान के तहत छात्रों का सम्मान
• मुख्य अतिथि के रूप में रहे बीईओ, अधिक से अधिक नामांकन पर दिया जोर
जलालाबाद, कन्नौज। पूर्व माध्यमिक विद्यालय जलालाबाद में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत एक प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र कुमार वर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ डायट मेंटर राजेश कुमार वर्मा, एआरपी राकेश कुमार, रंजना पाठक, शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुशील कुमार यादव सहित न्याय पंचायत जलालाबाद के समस्त प्रधानाध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। साथ ही निपुण बच्चों एवं नव प्रवेश लेने वाले छात्र- छात्राओं को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।


