तिर्वा मेडिकल कॉलेज में बढ़ीं सुविधाएं, अब नहीं होंगे मरीज रेफर
• ब्लड कंपोनेंट मशीन और लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट का मंत्री ने किया शुभारंभ
कन्नौज। जनपद के तिर्वा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। गुरुवार को यहां ब्लड कंपोनेंट मशीन और लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) प्लांट का शुभारंभ किया गया। इन सुविधाओं का उद्घाटन समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल सके। उन्होंने बताया कि ब्लड कंपोनेंट मशीन के शुरू होने से अब प्लेटलेट्स, आरबीसी सहित खून के आवश्यक घटक यहीं उपलब्ध हो सकेंगे। इससे मरीजों को अन्य जिलों में रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि एलएमओ प्लांट के संचालन से अस्पताल में ऑक्सीजन की आपूर्ति सुचारु रहेगी। विशेष रूप से इमरजेंसी के मामलों में मरीजों को अब समय पर और बेहतर इलाज मिल सकेगा। यह सुविधा कोविड जैसी आपात स्थितियों में भी कारगर साबित होगी। राज्यमंत्री ने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य हर जिले में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, चिकित्सा अधीक्षक समेत मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर और स्टाफ मौजूद रहे।


