शहर में कल से 1108 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन, तैयारियां पूरी
• महायज्ञ स्थल का डीएम- एसपी ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, कलश शोभायात्रा के साथ होगी आयोजन की शुरुआत
कन्नौज। 1108 कुंडीय मृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ की महीनों से तैयारियां की जा रही है। आख़िरी क्षणों में तैयारियां को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। शहर के बोर्डिंग ग्राउंड में कल से आयोजित 1108 कुंडीय मृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ की शुरुआत कलश यात्रा के साथ की जाएगी। शहर में कलश यात्रा निकाली जाएंगी। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं पुरुष शामिल होंगे। महायज्ञ स्थल का जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल व पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम- एसपी ने आयोजन समिति के सदस्यों से वार्ता कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, इमरजेंसी एक्जिट, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन सेवाओं आदि की उपलब्धता एवं प्रभावशीलता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने हेतु सीसीटीवी व ड्रोन के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
