अनियंत्रित होकर ट्रक पलटा बाइक सवार शिक्षक की गई जान
• करीब 2 घण्टे कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को निकाला बाहर, इकलौते बेटे की मौत से घर का बुझ गया चिराग

गुरसहायगंज, कन्नौज। अलीगढ़- कानपुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय शिक्षक सचिन प्रजापति की मौत हो गई। वह कस्बे के मोहल्ला रामकृष्ण नगर निवासी और गीता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामनाथ प्रजापति के इकलौते पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, सचिन शुक्रवार रात करीब 10 बजे बाइक से ग्रीन फील्ड हाईवे पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह विपरीत दिशा में बाइक चला रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर से तार लादकर गाजियाबाद जा रहे ट्रक के सामने अचानक बाइक आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाए, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और सचिन उसके नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सचिन को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनके पीछे पत्नी और दो पुत्र हैं। हादसे से परिवार और शैक्षणिक जगत में शोक की लहर है।

