जन्माष्टमी की सजावट देखकर लौट रहे तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत

• पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तीन युवकों की मौत से गाँव में छाया मातम

गुरसहायगंज, कन्नौज। जन्माष्टमी की सजावट देखने के बाद बाइक से घर लौट रहे तीन युवकों को गाजियाबाद- कानपुर ग्रीनफील्ड हाईवे पर डुंडवाबुजुर्ग अंडरपास के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से उन्हें गुरसहायगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय तीनों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र की मझपुर्वा चौकी के ग्राम बैसनपुर्वा निवासी 17 वर्षीय अनुराग सिंह पुत्र ब्रजेश सिंह, 17 वर्षीय आशीष पुत्र गौरव सिंह और 18 वर्षीय अमन पुत्र घनश्याम शुक्रवार रात बाइक से गुरसहायगंज में जन्माष्टमी की सजावट देखने गए थे। देर रात तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डुंडवाबुजुर्ग अंडरपास के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी गुरसहायगंज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। एक साथ तीन युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *