बारिश के दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, तीन घायल
बारिश के दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, तीन घायल
चालक समेत तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया, पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया
तालग्राम/कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह बारिश के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब 9:32 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 171 के पास हुआ। बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के रतनिया गांव निवासी मुकीमुद्दीन (36) अपनी कार से जयपुर जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही नूर इस्लाम और मुस्लिम भी कार में सवार थे। बताया गया कि सुबह बारिश हो रही थी। इसी दौरान कार की शीशी पर पानी आने से चालक को सामने देखने में परेशानी हुई। इससे कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। हादसे में चालक मुकीमुद्दीन को अंदरूनी चोटें आईं, जबकि नूर इस्लाम और मुस्लिम को मामूली चोटें लगीं। हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। घायल मुकीमुद्दीन को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज तिर्वा, कन्नौज भेजा गया। वहीं कार में सवार अन्य दोनों लोगों को भी अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस, तालग्राम थाना पुलिस, एक्सप्रेसवे की सेफ्टी टीम, गश्ती दल और रिकवरी क्रेन भी मौके पर पहुंची। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य करा दिया गया। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा। हालांकि पुलिस और एक्सप्रेसवे टीम की तत्परता से क्षतिग्रस्त वाहन को जल्द ही सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया।



