SIR ड्राफ्ट लिस्ट में फर्जी आपत्तियों का आरोप, सपा का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

• जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

कन्नौज। समाजवादी पार्टी ने सोमवार को SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की ड्राफ्ट मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताओं और फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सपा प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि 31 जनवरी 2026 को विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) केंद्रों पर अज्ञात लोगों द्वारा अवैध रूप से फॉर्म-7 जमा किए गए। इन आपत्तियों से जुड़े मतदाताओं को न तो आपत्तिकर्ता की कोई जानकारी दी गई और न ही कोई रिसीविंग नंबर या हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण उपलब्ध कराया गया। ज्ञापन में बताया गया कि भाग संख्या 485 से 494 तक के कई मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज की गई हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि केवल प्रिंट किए हुए फॉर्म जमा कर दिए गए, जिससे संबंधित मतदाता मानसिक रूप से परेशान हैं और उनके मताधिकार पर खतरा उत्पन्न हो गया है। सपा नेताओं ने इसे चुनावी प्रक्रिया से खिलवाड़ बताते हुए कहा कि यह मतदाता सूची में जानबूझकर गड़बड़ी करने की साजिश है। मामला विधानसभा क्षेत्र 196 छिबरामऊ के ग्राम मझूपुर क्षेत्र से जुड़ा बताया गया है, जहां सुनियोजित तरीके से मतदाता सूची में हेरफेर का प्रयास किया गया। पार्टी ने मांग की कि अवैध रूप से फॉर्म-7 जमा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि मतदाताओं का विश्वास बहाल हो सके। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ रही और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कलीम खान, पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, पूर्व विधायक कल्याण सिंह दोहरे, वरिष्ठ नेता जय कुमार तिवारी ‘बऊअन’, सयुस प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, जुनैद सिद्दीकी समेत कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *